अगस्त 15, 2026 11:14 पूर्वाह्न

printer

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कल ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे

तेलंगाना में ग्रामीण सड़कों के क्षेत्र में एक नई पहल शुरू की जा रही है। मुलुगु जिले में बड़े पैमाने पर सड़क विकास कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी 16 अगस्त को मुलुगु जिला केंद्र में स्मारक स्तंभ का अनावरण कर इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत करेंगे।

इस कार्यक्रम के तहत 16 हजार 7 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 2145 सड़कों का विकास किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 7448 किलोमीटर होगी। इसका उद्देश्य गांवों को मंडल केंद्रों और मंडल केंद्रों को प्रमुख राजमार्गों से बेहतर तरीके से जोड़ना है।

योजना के तहत प्रत्येक गांव को मंडल केंद्र से दो लेन की सड़क से, मंडल केंद्रों को जिला केंद्रों से चार लेन की सड़क से और जिला केंद्रों को राज्य की राजधानी से छह लेन की सड़क से जोड़ा जाएगा।

सड़कों का निर्माण हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसमें सरकार और निर्माण कंपनियां लागत साझा करेंगी। निर्माण पूरा होने के बाद निर्माण कंपनियां 15 वर्षों तक सड़कों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेंगी, जिससे गुणवत्ता और टिकाऊपन सुनिश्चित किया जा सकेगा।