तेलंगाना की कारागार प्रणाली में एक ऐतिहासिक उपलब्धि में 78 कैदियों ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय के माध्यम से माध्यमिक विद्यालय प्रमाणपत्र -एसएससी परीक्षा उत्तीर्ण की है। कारागार की महानिदेशक सौम्या मिश्रा ने इस उपलब्धि पर कैदियों के लिए विशेष छूट की घोषणा की।
तेलंगाना कारागार विभाग और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय के बीच हुए समझौते के अंतर्गत, चार्लापल्ली केंद्रीय कारागार, निजामाबाद केंद्रीय कारागार और हैदराबाद के महिला विशेष कारागार के 108 कैदियों ने इस पाठ्यक्रम में दाखिला लिया। एक वर्ष तक नियमित कक्षाओं के बाद, 78 कैदियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की।
इस सफलता के बाद कारागार विभाग अब इन कैदियों को उच्च माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने और बाद में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने में सहायता करेगा।