तमिलनाडु में, साइबर ठगी और मानव तस्करी अपराध रैकेट के एक प्रमुख सरगना मदन वदिवेल को राज्य पुलिस ने मदुरै स्थित उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया है। 35 वर्षीय मदन वदिवेल जल्लीकट्टू नामक रेस्तरां श्रृंखला चलाता है। आरोपी को तिरुपत्तूर के एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर हुई जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
मदन ने कंबोडिया में अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी का झूठा वादा करके कई शिक्षित युवाओं से पैसे लेकर उन्हें ठग लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि वह तीन साल से यह रैकेट चला रहा था और वह 100 से अधिक युवाओं को कंबोडिया भेज चुका था। इन युवाओं को विदेशी नागरिकों द्वारा संचालित साइबर घोटालेबाज गिरोहों के संचालकों को सौंप दिया गया था। आरोपी मदन को मदुरै में मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।