सितम्बर 27, 2026 11:11 पूर्वाह्न

printer

तमिलनाडु देश के प्रमुख एमएसएमई राज्यों में शामिल, कोयंबटूर में 80 हजार से अधिक पंजीकृत उद्यम

तमिलनाडु देश के प्रमुख सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम-एम.एस.एम.ई राज्यों में से एक है। राज्य में कारोबारी एक ही पोर्टल से अलग-अलग विभागों से जरूरी मंजूरियां ले सकते हैं। एम.एस.एम.ई के विकास के लिए राज्य में अलग मंत्रालय भी है। एम.एस.एम.ई क्षेत्र देश की जीडीपी में करीब 31 प्रतिशत का योगदान देता है और कृषि के बाद रोजगार देने वाला दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र है। कोयंबटूर में विनिर्माण, कपड़ा और इंजीनियरिंग से जुड़े 80 हजार से अधिक पंजीकृत एम.एस.एम.ई हैं।
 
कोयंबटूर के लीड बैंक के जिला प्रबंधक कार्तिकेयन ने आकाशवाणी को बताया कि मुद्रा योजना शुरू होने के बाद जिले के उद्यमियों ने कारोबार और उत्पादन बढ़ाने में काफी रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना की चार श्रेणियों में मिलने वाले ऋण से उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने और वित्तीय जरूरतें पूरी करने में मदद मिली है। तमिलनाडु में कुल 7,59,847 सूक्ष्म, 1,01,861 लघु और 2,818 मध्यम उद्योग पंजीकृत हैं। ये उद्योग राज्य और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।