सर्वोच्च न्यायालय ने आज पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए जाने से पीड़ित व्यक्तियों द्वारा दायर रिट याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया, हालांकि वे चल रहे विधानसभा चुनावों में चुनाव अधिकारी के रूप में सूचीबद्ध हैं। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ताओं को एसआईआर निर्णय प्रक्रिया में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ अपीलों की सुनवाई के लिए गठित अपीलीय न्यायाधिकरणों से संपर्क करने को कहा है।
पिछले सप्ताह, न्यायालय ने आदेश दिया था कि जिन व्यक्तियों की अपील 21 या 27 अप्रैल से पहले अपीलीय न्यायाधिकरणों द्वारा स्वीकार कर ली जाती हैं तो उन्हें चुनाव के पहले या दूसरे चरण में मतदान की अनुमति दी जानी चाहिए। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि केवल अपील लंबित होने से किसी को भी मतदान का अधिकार नहीं मिल जाता।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, संशोधन के बाद राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 7 करोड़ चार लाख से अधिक है, जबकि पहले यह यह संख्या 7 करोड 66 लाख थी। इससे 61 लाख से अधिक नामों की कमी का संकेत मिलता है।
पश्चिम बंगाल में कल हुए विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों में 92.72 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। ट्रांसजेंडर मतदाताओं का प्रतिशत 56.79 रहा। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।