अगस्त 9, 2026 8:14 पूर्वाह्न

printer

मौसम विभाग के खराब मौसम के पूर्वानुमान के बाद अमरनाथ यात्रा आज से अस्थायी रूप से स्थगित

जम्मू-कश्मीर में, हाल ही में हुई बारिश के कारण पहलगाम और बालटल दोनों मार्गों पर अमरनाथ यात्रा आज से स्थगित कर दी गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया गया है। कल जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से किसी भी नए यात्रा जत्थे को रवाना नहीं किया गया।
 
इस बीच, बालटल बेस कैंप में ठहरे हुए 1202 तीर्थयात्रियों के 28वें जत्थे को 44 वाहनों के काफिले में जम्मू के लिए रवाना किया गया। कल अमरनाथ गुफा में 3,336 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। इस वर्ष अब तक अमरनाथ यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या चार लाख 80 हजार 19 हो गई है।
 
57 दिन की अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को पहलगाम के पारंपरिक चंदनवाड़ी मार्ग और गांदरबल के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी। यात्रा का समापन 28 अगस्त को पारंपरिक छड़ी मुबारक समारोह के साथ होना है।