अगस्त 9, 2026 2:23 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- तीन नए आपराधिक कानून प्रौद्योगिकी, समयबद्धता और विश्वास पर आधारित

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा औपनिवेशिक काल के कानूनों की जगह लाए गए तीन नए आपराधिक कानून तीन महत्वपूर्ण स्तंभों – प्रौद्योगिकी, समयबद्धता और विश्वास पर आधारित हैं। श्री शाह ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य अधिक प्रौद्योगिकी-आधारित और समयबद्ध प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को न्याय सुनिश्चित करना है। गृह मंत्री ने गोरिमेडु स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के मैदान में पुद्दुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज प्रदान करने के समारोह में भागीदारी के दौरान यह बात कही।  वे आज बाद में पुद्दुचेरी के मुरुगा थिएटर सिग्नल से हर घर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
 
पुद्दुचेरी पुलिस को बधाई देते हुए श्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज प्राप्त करना किसी भी अनुशासित पुलिस बल के जीवन के सबसे गौरवशाली क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि हांलाकि पुद्दुचेरी पुलिस में 5,000 से कम कर्मियों की संख्या है, फिर भी उसे पुद्दुचेरी की रक्षा करने, इसकी आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और समृद्ध आध्यात्मिक विरासत वाले इस केंद्र शासित प्रदेश के सम्मान और गरिमा की रक्षा करने का दायित्व सौंपा गया है।
 
राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित होने के इस ऐतिहासिक अवसर के साथ पुद्दुचेरी देश का 18वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है जिसे पुलिस बल को दिए जाने वाले इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है।
 
इस अवसर पर पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम और पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह भी उपस्थित थे।