सितम्बर 16, 2026 8:48 पूर्वाह्न

printer

2025-26 पेराई सत्र में किसानों के लंबित भुगतान के लिए चीनी मिलों को मिलेगा रियायती ऋण: महाराष्ट्र सरकार

गन्ना किसानों और चीनी मिलों को राहत देने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार ने किसानों के वर्ष 2025-26 के पेराई सत्र के बकाया उचित और लाभकारी मूल्य के भुगतान के लिए सस्ता कर्ज देने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कल मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री फडणवीस ने कहा कि सहकारी चीनी मिलों को 750 करोड़ रुपये से अधिक का सस्ता कर्ज दिया जाएगा, जिससे वे पिछला बकाया चुका सकेंगी और नए गन्ने की खरीद कर सकेंगी।
 
एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में, मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार की 25 प्रमुख नीतियों और 25 कल्याणकारी योजनाओं के मूल्यांकन के लिए ‘महाराष्ट्र तकनीकी सहायता सेल’ के गठन को मंजूरी दी है। समग्र शासन और निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए, भारतीय प्रबंधन संस्थान- IIM मुंबई और ‘सेंटर फॉर रिसर्च इन स्कीम्स एंड पॉलिसीज’ की सिफारिशों के आधार पर यह एक वर्षीय मूल्यांकन परियोजना चलाई जाएगी। यह सेल इस बात की जांच करेगा कि क्या योजनाओं के उद्देश्य पूरे हो रहे हैं, लाभ लक्षित आबादी तक पहुंच रहा है और इसमें कितना समय लग रहा है। इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल ने उन कानूनी संशोधनों को भी मंजूरी दे दी है जिससे अहिल्यानगर जिले के हरेगांव गांव में महाराष्ट्र राज्य कृषि निगम के कब्जे वाली जमीन को उसके मूल मालिकों को वापस लौटाया जा सकेगा