जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से तंगमर्ग और लखनपुर में स्ट्रीट फूड हब के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर कुल नौ करोड़ 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
जम्मू से हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन दोनों स्थानों के सामरिक और पर्यटन संबंधी महत्व को देखते हुए ये परियोजनाएं विशेष महत्व रखती हैं। लखनपुर, जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार है और पंजाब से आने वाले पर्यटकों के लिए जम्मू-कश्मीर का पहला कस्बा है। यहां से बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और यात्री जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करते हैं। इसी तरह तंगमर्ग विश्वप्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग जाने के मार्ग पर पहला प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां से बड़ी संख्या में पर्यटक गुलमर्ग पहुंचते हैं।
इन परियोजनाओं के अंतर्गत तंगमर्ग में तीन करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से स्थानीय खाद्य पदार्थ और लखनपुर में छह करोड़ चार लाख रुपये की लागत से स्वच्छ स्थानीय खाद्य पदार्थ बाजार बनाया जाएगा। इनके लिए धनराशि प्रधानमंत्री स्वनिधि और पूंजीगत व्यय बजट के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित, स्वच्छ और आवश्यक सुविधाओं से युक्त स्थान उपलब्ध कराना, सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार करना तथा स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और अन्य आगंतुकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। इन सुविधाओं के विकास से जम्मू-कश्मीर के इन दो महत्वपूर्ण प्रवेश और पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों का अनुभव बेहतर होने की उम्मीद है। इसके साथ ही, रेहड़ी-पटरी वालों को आजीविका के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।