मई 16, 2026 7:57 अपराह्न

printer

श्रीलंका ने विदेशी मुद्रा भंडार की सुरक्षा के लिए आयातित मोटर वाहनों पर 50% सीमा शुल्क बढ़ाया

श्रीलंका ने विदेशी मुद्रा भंडार की सुरक्षा और बाहरी आर्थिक दबाव को कम करने के लिए आयातित मोटर वाहनों पर सीमा शुल्क में अस्थायी रूप से 50 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगा दिया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार यह अधिभार आज से तीन महीने के लिए लागू किया गया है। यह सामान्य और रियायती दोनों तरह के आयात शुल्क पर लागू होगा। इसके दायरे में बसें, यात्री कारें, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन, एंबुलेंस तथा अन्य विशेष वाहन शामिल हैं। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि 15 मई या उससे पहले खोले गए साख पत्र इस अधिभार से मुक्त रहेंगे।

श्रीलंका ने वर्ष 2022 के आर्थिक संकट के दौरान वाहन आयात पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे। उस समय देश में विदेशी मुद्रा की भारी कमी, कर्ज संकट, महंगाई और ईंधन संकट जैसी समस्याएं सामने आई थीं।

सरकार का कहना है कि यह कदम आयात मांग को नियंत्रित करने और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष समर्थित आर्थिक सुधार कार्यक्रम के तहत स्थिरता बनाए रखने में मदद करेगा। वहीं, वाहन आयातकों ने आशंका जताई है कि इससे वाहनों की कीमतें और बढ़ सकती हैं।