अगस्त 14, 2026 2:17 अपराह्न

printer

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली सुरंग हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किया, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में सुरंग हादसे के बाद आज घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरंग के अंदर जाकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सुरंग में फंसे शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल लोगों से मुलाकात की।

पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में मलबा और पानी भरने से फंसे करीब 22 लोगों में से 19 को बाहर निकाला गया है। शेष तीन लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस तथा अन्य तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के चमोली जिले में जलविद्युत परियोजना स्थल पर सुरंग ढ़हने से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और सुरंग में फंसे लोगों के सुरक्षित बचाव के लिए प्रार्थना की।