त्रिपुरा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। शुरुआती चरण में प्रशिक्षण और योजना तैयार करने का काम होगा। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक कर उन्हें घर-घर सत्यापन के दौरान उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी देंगे। इसके बाद निर्वाचन आयोग के प्रशिक्षक, बीएलओ को सत्यापन प्रक्रिया और एक निर्धारित ऐप पर एकत्र जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देंगे।
घर-घर सत्यापन 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ मतदाताओं को निर्धारित फॉर्म वितरित करेंगे, भरे हुए फॉर्म जमा करेंगे और जानकारी निर्धारित ऐप पर अपलोड करेंगे।
एक अक्टूबर को अर्हता की तारीख मानते हुए प्रारूप मतदाता सूची 21 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियां 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। इन पर सुनवाई और निपटारे की प्रक्रिया 19 दिसंबर तक चलेगी। अंतिम फोटो मतदाता सूची 23 दिसंबर को प्रकाशित होगी।
नागरिकों की सहायता के लिए जिला मजिस्ट्रेट और उप-मंडल मजिस्ट्रेट के कार्यालयों में हेल्पडेस्क भी शुरू किए गए हैं। एसआईआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता, मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।