अक्टूबर 11, 2026 5:21 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के प्रमुख देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्र उत्सव की शुरुआत, श्रद्धालुओं में उत्साह

महाराष्ट्र में कोल्हापुर, माहुर और तुलजापुर के प्रमुख देवी मंदिरों में आज पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ नौ दिन चलने वाले शारदीय नवरात्र उत्सव की शुरुआत हुई। इस अवसर पर कोल्हापुर के श्री महालक्ष्मी मंदिर, माहुर के रेणुका माता मंदिर और तुलजापुर के तुलजाभवानी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, पारंपरिक जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है और बड़ी संख्या में भक्त देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेने के लिए आए।

कोल्हापुर के श्री महालक्ष्मी या अंबाबाई मंदिर में, गांवों के मंडलों के सदस्य संगीत-भरे जुलूस के साथ पवित्र ज्योत लेने पहुंचे, जिसे वे अपने गांवों में ले जाएंगे। मंदिर प्रशासन ने इस महीने की 20 तारीख तक चलने वाले उत्सव के दौरान आने वाले बड़ी संख्या में भक्तों के दर्शन की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

नांदेड़ जिले के श्री रेणुका माता मंदिर में दोपहर 12:30 बजे पारंपरिक घटस्थापना समारोह हुआ। इसके बाद अभिषेक और कुमारिका पूजन जैसी परंपराएं निभाई गई। मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र को फूलों से सजाया गया है और उत्सव के लिए कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। धाराशिव जिले के तुलजापुर में श्री तुलजाभवानी मंदिर में नवरात्र उत्सव की शुरुआत कल्लोल तीर्थ से पानी से भरे मिट्टी के घड़े लाने वाले पारंपरिक जुलूस के साथ हुई। भक्तों ने संबल और तुतारी जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ताल पर “आई भवानी चा उडो उडो” के जयकारे लगाए।

महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तीर्थयात्रियों ने इन उत्सवों में हिस्सा लिया। उम्मीद है कि नवरात्र के दौरान और कोजागिरि पूर्णिमा तक भक्त मंदिर में दर्शन के लिए आते रहेंगे।