दक्षिण कोरिया में भारतीय तटरक्षक बल और कोरिया के तटरक्षक बल के बीच कल 14वीं उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की गई। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के समुद्री सुरक्षा बलों के बीच आपसी समुद्री सहयोग को मजबूत करना और रणनीतिक जुड़ाव को और बढ़ाना था।
बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने मौजूदा परिचालन ढांचे की समीक्षा की और समुद्री तलाश और बचाव, समुद्री प्रदूषण से निपटना, समुद्री कानून लागू करना, क्षमता निर्माण और परिचालन समन्वय जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की रणनीतियों पर चर्चा की। दोनों तटरक्षक बलों ने मौजूदा समझौता ज्ञापन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पेशेवर आदान-प्रदान, संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास, जहाजों की आपसी यात्राओं और वास्तविक समय में जानकारी साझा करने की प्रक्रिया को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में भारतीय तटरक्षक बल और कोरियाई तटरक्षक बल ने परिचालन तालमेल को गहरा करने और इस क्षेत्र में एक सुरक्षित, संरक्षित तथा पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र बनाए रखने में योगदान देने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।
भारतीय तटरक्षक बल का प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर है। भारतीय पक्ष का नेतृत्व इंस्पेक्टर जनरल टी. शशि कुमार ने किया, जबकि कोरिया के तटरक्षक बल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सीनियर सुपरिंटेंडेंट जनरल इम म्योंग गिल ने किया।