नवम्बर 5, 2026 8:03 पूर्वाह्न

printer

गृहमंत्री अमित शाह आज अंबाला छावनी में शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे

गृहमंत्री अमित शाह आज अंबाला छावनी में शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। यह स्मारक 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की याद में बनाया गया है। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री असीम गोयल ने अंबाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्मारक का उद्घाटन नहीं है बल्कि देश की आजादी के लिए जीवन न्योछावर करने वाले ज्ञात और अज्ञात नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक ऐतिहासिक अवसर है। श्री गोयल ने बताया कि लगभग 22 एकड़ और करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बना यह भव्य स्मारक, हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। इस स्मारक में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े 700 से अधिक वीरों के नाम सुनहरे अक्षरों में उकेरे गए हैं।

श्री गोयल ने बताया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करके इस स्मारक में स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी को न केवल किताबों में इतिहास पढ़ने का मौका मिलेगा, बल्कि वे इसे प्रत्यक्ष रूप से महसूस भी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक के उद्घाटन के बाद गृहमंत्री श्री शाह अंबाला के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले श्री अमित शाह करनाल में भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह पदयात्रा शहर के सेक्टर 12 से मुगल कैनाल तक निकाली जाएगी।