अक्टूबर 16, 2026 11:49 पूर्वाह्न

printer

रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने भारत की स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ दो प्रक्षेपणों के लिए अनुबंध किया

अमरीका की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़ी स्टार्टअप कंपनी रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने भारत की स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ दो प्रक्षेपणों के लिए अनुबंध किया है। इस परियोजना का उद्देश्य अंतरिक्ष में दर्पण से रात के समय पृथ्वी के कुछ हिस्सों में सूर्य का प्रकाश पहुंचाना है।

कैलिफोर्निया की यह कंपनी इस तकनीक का इस्तेमाल आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तलाश और बचाव अभियान चलाने तथा सौर ऊर्जा संयंत्रों में बिजली उत्पादन का समय बढ़ाने जैसे कार्यों के लिए करना चाहती है।

इन प्रक्षेपणों में स्काईरूट के विक्रम रॉकेटों का इस्तेमाल किया जाएगा। पहला प्रक्षेपण विक्रम-1 रॉकेट से किया जाएगा, जबकि दूसरा कंपनी के निर्माणाधीन विक्रम-1यू प्रक्षेपण यान से होगा। रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल का लक्ष्य पांच किलोमीटर के क्षेत्र में आवश्‍यकतानुसार सूर्य का प्रकाश पहुंचाना है। कंपनी को जुलाई में अपने प्रदर्शन उपग्रह के निर्माण, प्रक्षेपण और संचालन के लिए अमरीका संघीय संचार आयोग से मंजूरी मिली थी।

हालांकि, इस योजना को लेकर पर्यावरण संगठनों ने चिंता व्‍यक्‍त की है। रिफ्लेक्ट ऑर्बिटल ने कहा है कि परियोजना का विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए वह खगोलविदों, स्थानीय समुदायों और नियामक संस्थाओं के साथ परामर्श जारी रखेगी।