सितम्बर 11, 2026 6:57 अपराह्न

printer

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक हरियाणा में चलाया जाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर को संपन्न होगा।

चंडीगढ़ में आज संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्र निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायक अध्याय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर को रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। 17 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के समापन कार्यक्रम में देशभर से करीब एक लाख 25 हजार सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना किसी पड़ाव का अंत नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प के अगले चरण की शुरुआत है।