केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जैव ईंधन और वैकल्पिक ईंधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया है।
श्री गडकरी ने नई दिल्ली में सी.आई.आई. के 14वें जैव ऊर्जा शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में वैकल्पिक ईंधनों और जैव ऊर्जा का उपयोग करने की क्षमता है। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए इस दिशा में निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि देश में तैयार किए गए जैव ईंधन पारंपरिक जीवाश्म ईंधनों की तुलना में सस्ते होते हैं और इनसे आर्थिक के साथ-साथ पर्यावरण संबंधी लाभ भी होते हैं।
श्री गडकरी ने यह भी कहा कि ‘गोबरधन योजना’ के तहत लगभग 3,000 संयंत्र लगाए जा रहे हैं जिनमें से 250 चालू हो चुके हैं जबकि करीब 200 संयंत्र अभी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जैव ऊर्जा के लिए कृषि अवशेषों का समुचित उपयोग करने से पराली जलाने की समस्या को रोका जा सकता है और दिल्ली में वायु प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने इथेनॉल और परिशोधित स्पिरिट से वैकल्पिक पर्यावरण-अनुकूल ‘सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल’ बनाने की भारत की क्षमता पर भी बल दिया। श्री गडकरी ने बताया कि ‘सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल’ में 2 प्रतिशत जैव ईंधन का मिश्रण अनिवार्य करने को लेकर वैश्विक स्तर पर चर्चा चल रही है।