उत्तर प्रदेश में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के बीच लखनऊ जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। गोमती नदी के निचले इलाकों में आने वाले लखनऊ शहर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी विशाक जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इनमें बरावन कला, सैथा, जेहटा, मॉल रोड और फैजुल्लागंज शामिल हैं। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की।
प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए तत्काल दस नावें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। नावों के जरिए घर-घर राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रात में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
दाउद नगर में एक अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष भी बनाया जा रहा है, ताकि लोगों की शिकायतों और जरूरतों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों को गोमती नदी के जलस्तर और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने तथा मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं।