पश्चिम त्रिपुरा के जिलाधिकारी डॉ. विशाल कुमार ने पश्चिम त्रिपुरा जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में रात के समय लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी किया गया है।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत कल शाम जारी किए गए इस आदेश के अनुसार, सदर और मोहनपुर उपमंडलों में भारत-बांग्लादेश सीमा के 500 मीटर के दायरे में आम जनता का आवागमन रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रतिबंधित है। यह प्रतिबंध आज से प्रभावी हो गया है और अगले वर्ष 20 जनवरी तक लागू रहेगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने में लगे सेना कर्मियों, अर्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस कर्मियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक और उपमंडल मजिस्ट्रेट द्वारा अधिकृत व्यक्तियों को भी छूट दी जाएगी।
आवश्यक सरकारी कार्यों में लगे कर्मियों और आपातकालीन चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों को भी प्रतिबंधित क्षेत्रों से गुजरने की अनुमति होगी। इस आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।