विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला आज राजस्थान में पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हो गया है। धार्मिक, सांस्कृतिक और पशु मेले के रूप में तीन चरणों में आयोजित यह मेला 24 नवंबर तक चलेगा। सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव के दौरान, पवित्र पुष्कर झील के घाटों पर धार्मिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देशभर से श्रद्धालु, संत और पर्यटक उत्सव में भाग लेने और पवित्र झील में स्नान करने के लिए पुष्कर पहुंच रहे हैं। यह मेला संगीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेगा। जिला प्रशासन ने मेले के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है।