नवम्बर 17, 2026 6:40 पूर्वाह्न

printer

सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में आज भारत और पाकिस्तान के बीच होगा मुकाबला

फुटबॉल में, सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में आज मौजूदा चैंपियन भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा। यह मुकाबला बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत की नजरें रिकॉर्ड दसवीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर होंगी। इसके साथ ही भारतीय टीम लगातार तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीतकर इतिहास रचने का प्रयास करेगी।

भारतीय फुटबॉल टीम ने शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में भूटान को दो-एक से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है।

दोनों देशों के बीच अब तक सीनियर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को चार मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं, नौ मैच ड्रॉ रहे हैं।

हालांकि, सीनियर सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी। भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है। भारतीय टीम अब तक रिकॉर्ड नौ बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीत चुकी है और एक बार फिर ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।