केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में फील्ड अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान यह जानकारी सामने आई कि रेलगाड़ियों में हाल ही में हुई आग लगने की कई घटनाओं की शुरुआती जाँच में पता चला है कि इन घटनाओं में असामाजिक तत्व शामिल थे। मंत्रालय ने कहा कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है और रेलवे सुरक्षा बल-आरपीएफ इनकी सक्रियता से जाँच कर रहा है।
सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान बेहतर रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से खुफिया जानकारी जुटाने के तंत्र को मज़बूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, प्रौद्योगिकी-आधारित सुरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने, पूरे रेलवे नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज का विस्तार करने और परिचालन सुरक्षा में सुधार करने पर भी ज़ोर दिया गया। बैठक में साइबर सुरक्षा को मज़बूत करने, कैमरों को उन्नत करने और एआई-आधारित निगरानी तथा मॉनिटरिंग प्रणालियों को तैनात करने पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई।