अक्टूबर 29, 2026 5:38 अपराह्न

printer

पंजाब: अल्ट्राटेक प्रबंधन और श्रमिक संघों के बीच दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर

पंजाब के बठिंडा में अल्ट्राटेक प्रबंधन और श्रमिक संघों के बीच दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके अंतर्गत कुशल, अर्ध-कुशल, अकुशल और उच्च कुशल श्रमिकों को वित्तीय लाभ दिए जाएंगे। ये समझौते जलंधर स्थित सहायक श्रम आयुक्त की पहल पर प्रबंधन और भारतीय ट्रेड संघ केंद्र -सीटू तथा ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस-एटक के बीच हुए हैं।

आकाशवाणी से बातचीत में सहायक श्रम आयुक्त नेहा शर्मा ने बताया कि ये लाभ इस वर्ष जून से पूर्वव्यापी रूप से लागू होंगे। इस पैकेज में लगभग तीन करोड़ 36 लाख रुपये की वेतन वृद्धि और वार्षिक बोनस शामिल हैं। इससे अगले पांच वर्षों में 217 श्रमिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

ये समझौते श्रमिकों के हितों की रक्षा करने और उनकी आर्थिक सुरक्षा बेहतर बनाने के श्रम और रोजगार मंत्रालय के प्रयासों का हिस्सा हैं।