जून 3, 2026 1:26 अपराह्न

printer

पंजाब में एसआईआर के लिए 7 जून को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित होंगे

पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने सूचित किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं की पूर्व मैंपिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए, राज्य भर के सभी मतदान केंद्रों पर 7 जून को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अब तक राज्य में 90 प्रतिशत के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 84.62 प्रतिशत पूर्व-एसआईआर मैंपिंग हो चुकी है।

कल मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी  ने उन्हें 27 मई तक के उन मतदाताओं की सूची दिखाई जिनकी मैंपिंग नहीं हुई थी। उन्होंने उनसे आग्रह किया कि वे 25 जून से शुरू होने वाले घर-घर जनगणना चरण से पहले ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के समन्वय से पूर्व मैपिंग प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए बूथ स्तर के एजेंट नियुक्त करें।

प्रक्रिया से संबंधित चिंताओं को दूर करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि यदि कोई मतदाता पूर्व-एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मैपिंग से वंचित रह जाता है, तो उसे चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में, चुनाव अधिकारी मतदाता के विवरण को सत्यापित करने के लिए कुछ दस्तावेजों की मांग करेंगे।