पंजाब के फगवारा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के प्रदर्शन के लगभग 24 घंटे के बाद कल देर रात पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और राजमार्ग को प्रदर्शनकारी छात्रों से मुक्त कराए जाने के बाद अब यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
छात्र विश्वविद्यालय परिसर में कुछ दिन पहले एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में एलपीयू अधिकारियों की कथित निष्क्रियता के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की, पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके और पुलिस वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर आग लगा दी।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने परिसर का जायजा लेने के के बाद मीडिया को बताया कि हिंसा में जो भी शामिल पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन से निरंतर बातचीत कर रही है।
इस बीच, विश्वविद्यालय ने कथित दुष्कर्म के आरोपों को अफवाह बताया है और एहतियाती उपायों के अंतर्गत आज से 10 दिनों के लिए विश्वविद्यालय को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, मध्यावधि परीक्षाएं भी अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।