पंजाब पुलिस ने इस सप्ताह सीमा पार से हेरोइन तस्करी में शामिल गिरोहों के खिलाफ विभिन्न अभियानों में 101 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। ये कार्रवाई अमृतसर और फरीदकोट के सीमावर्ती जिलों में की गई।
फरीदकोट में पुलिस ने आज एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर 47 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की। गिरोह से तीन पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस और दो वाहन भी जब्त किए गए।
अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने कल सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी वाले एक अन्य गिरोह का भंडाफोड़ किया और उसके तीन सदस्यों को 17 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
इससे पहले 16 और 18 सितंबर को अमृतसर में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 37 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। पुलिस ने इस दौरान चार आरोपियों को एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।