पंजाब पुलिस ने पिछले पांच दिनों में फिरोजपुर और अमृतसर के सीमावर्ती जिलों से 10 आरोपियों से करोड़ों रुपये की 80 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने आज फिरोजपुर में सीमा पार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 30 किलोग्राम से अधिक हेरोइन की खेप बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पंजाब में 30 किलोग्राम से अधिक हेरोइन की यह दूसरी खेप है जिसे जब्त किया गया है। इससे पहले, 8 अगस्त को, पंजाब पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान के तहत फिरोजपुर के सीमावर्ती जिले में दो आरोपियों से इतनी ही मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए थे।
इसी तरह, 7 अगस्त को अमृतसर के एक सीमावर्ती गांव से 21 किलोग्राम हेरोइन के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि ये खेप विदेशी ड्रग तस्करों द्वारा ड्रोन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भेजी गई थीं, जिन्हें भारतीय तस्करों ने आगे भेजने के लिए हासिल किया था।
इन नशीले पदार्थों के अलावा, बड़ी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और एक हथगोला भी बरामद किया गया है।