पंजाब पुलिस ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए विद्यार्थियों के प्रदर्शनों के दौरान सीमा पार आतंकी मॉड्यूल द्वारा हमला करने की एक योजना का खुलासा किया है। अमृतसर पुलिस ने कल जिन दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, उन्होंने जांच के दौरान खुलासा किया कि वे दिल्ली में प्रदर्शन स्थल पर पेट्रोल बम से हमला करने के इरादे से आए थे। हालांकि, वहां भारी सुरक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने अपनी योजना छोड़ दी।
अमृतसर पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नई दिल्ली में प्रदर्शन स्थल पर हमला करने की कोशिश करने वाले सभी लोग नाबालिग थे। उन्हें आईएसआई के संचालकों द्वारा प्रशिक्षित किया गया था। उन्हें पैसे के बदले पुलिस और वर्दीधारी बलों के कर्मियों को निशाना बनाने का काम भी सौंपा गया था।
गिरफ्तार किए गए 9 लोगों में से 4 नाबालिग थे। पुलिस ने बताया कि दूसरा मॉड्यूल रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाने में शामिल था ताकि फुटेज को विदेशी संचालकों के साथ साझा किया जा सके।