पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और तबादलों के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई जांच का आदेश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय-ईडी द्वारा मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पर तैनात अधिकारियों के कथित भ्रष्टाचार और तबादलों के लिए रिश्वत देने के दावों के बाद न्यायालय ने यह निर्णय लिया है। इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय ने कथित तौर पर पंजाब के पुलिस महानिदेशक को एफआईआर दर्ज करने के लिए तीन पत्र भेजे थे, लेकिन राज्य पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
इस बीच, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि उच्च न्यायालय द्वारा भ्रष्टाचार मामले को सीबीआई को सौंपना यह साबित करता है कि राज्य तंत्र जानबूझकर अपने लोगों को बचा रहा था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि सीबीआई निष्पक्ष, तटस्थ और समयबद्ध जांच करेगी।