अक्टूबर 13, 2026 9:23 अपराह्न

printer

पुद्दुचेरी पुलिस ने नशे के खिलाफ मोटरसाइकिल रैली निकाली

नशामुक्त समाज और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के अंतर्गत पुद्दुचेरी पुलिस ने राइड फॉर नेशन टू फाइट अगेंस्ट ड्रग्स नाम से मोटरसाइकिल रैली निकाली। पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने बीच रोड स्थित गांधी प्रतिमा से रैली को रवाना किया।

इस रैली में पुद्दुचेरी पुलिस के पांच कर्मी, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं, छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 28 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे। वहां वे सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड में हिस्सा लेंगे। रैली में करीब 250 पुलिसकर्मी, 200 कॉलेज विद्यार्थी और आम लोग भी शामिल हुए। इस दौरान नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों को दर्शाने वाली चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।