अगस्त 5, 2026 4:52 अपराह्न

printer

पुद्दुचेरी: उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने युवाओं से नशा मुक्त युवा अभियान में भाग लेने का आह्वान किया

पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने आज युवाओं से नशा मुक्त युवा अभियान में सक्रियता से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना पहले नशा मुक्त राष्ट्र का निर्माण करने के बाद ही साकार हो सकता है। उपराज्यपाल ने पांडिचेरी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘माई भारत’ पंजीकरण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ और प्रगतिशील समाज के निर्माण में दृढ़ निश्चयी और प्रतिबद्ध युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

श्री कैलाशनाथन ने छात्रों से अपने-अपने संस्थानों के परिसरों में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के क्रियान्वयन को सुदृढ़ करने के लिए प्रहरी और नैतिक संरक्षक की भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण युवाओं को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों में भाग लेने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मंच देश की विविध संस्कृतियों को समझने का अवसर भी प्रदान करता है।

इससे पहले, उपराज्यपाल पंजीकरण शिविर में गए और युवाओं से बातचीत की। इस अवसर पर पांडिचेरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी. प्रकाश बाबू और ‘माई भारत’ के उप निदेशक त्रावीन चार्ल्सटन भी उपस्थित थे।