प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा ने जलवायु परिवर्तन, कृषि, खाद्य सुरक्षा और पोषण से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, सटीक आंकड़ों और तथ्यों पर आधारित नीतियां बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है। आज भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोझिकोड में एनवायरनमेंट फॉर डेवलपमेंट नेटवर्क की 20वीं वार्षिक बैठक के उद्घाटन सत्र को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन को केवल पर्यावरण से जुड़ी समस्या के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका असर कृषि उत्पादन, जल उपलब्धता, खाद्य पदार्थों की कीमतों, जनस्वास्थ्य और लोगों की आजीविका पर भी पड़ता है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के लिए केवल पर्याप्त खाद्यान्न उत्पादन ही जरूरी नहीं है, बल्कि लोगों को किफायती, विविध और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने फसल विविधीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर वर्ष 2023 को संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष घोषित किया था। इससे मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों और पर्यावरण के अनुकूल खेती को वैश्विक पहचान मिली।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप योजनाएं बनानी होंगी। उन्होंने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत देश के 651 कृषि जिलों में से 310 को अत्यधिक संवेदनशील या बहुत अधिक संवेदनशील पाया गया है। उन्होंने नीतियां बनाने में जिला स्तर के सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों के उपयोग पर भी जोर दिया। इनमें वर्षा, जल उपलब्धता, मिट्टी की स्थिति, फसल उत्पादन और पोषण से जुड़े आंकड़े शामिल हैं।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने और 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है। इस दौरान आर्थिक विकास, गरीबी उन्मूलन और लोगों के जीवन स्तर में सुधार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।