सितम्बर 3, 2026 2:04 अपराह्न | flood situation in Varanasi

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा, राहत कार्यों की लगातार निगरानी के निर्देश

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाराणसी से सांसद ने आज अपने संसदीय क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वाराणसी में बाढ़ की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी लेने के लिए वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से टेलीफोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने नदी के जलस्तर और राहत शिविरों में की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि बाढ़ राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। श्री मोदी ने कहा कि राहत कार्य करते समय बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

    दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फर्रुखाबाद जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों की समीक्षा की और बाद में प्रभावित लोगों को जमीन के पट्टे और राहत सामग्री बांटी।

    राहत आयुक्त कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 32 जिले अब तक बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि वर्तमान में 22 जिलों में बाढ़ का असर देखा जा रहा है। सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक राहत संबंधी आवश्‍यक प्रबंध किए जा रहे है।