दीपावली का त्योहार देश-विदेश में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान श्रीराम के लंका पर विजय के बाद अयोध्या लौटने पर लोगों ने उनके स्वागत में अमावस की अंधेरी रात को दीये जलाकर जगमगाती रात बना दिया था। तभी से हर साल रोशनी का यह त्योहार जगमग दीयों और बिजली की लड़ियों से घरों को सजाकर मनाया जाता है
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा कर्मियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष दीवाली का विशेष महत्व है क्योंकि देश ने नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लडाई जीत ली है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश का प्रत्येक जिला नक्सलवाद से मुक्त है और करोडों लोग वामपंथी हिंसा के डर से बाहर आ चुके हैं। श्री मोदी ने कहा कि इस असाधारण उपलब्धि में लाखों सुरक्षाकर्मियों का योगदान है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय करीब बीस राज्यों के 230 से ज्यादा जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़़ सहित देश का अधिकांश हिस्सा इस समस्या से ग्रस्त था। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2004 और 2013 के बीच शहीद होने वाले सुरक्षाकर्मियों की संख्या नक्सलियों के मुकाबले अधिक होती थी। उस समय की सरकारें नक्सलवाद की समस्या का हल निकालने में विफल रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि 47 वर्ष में पहली बार, पिछले एक वर्ष में किसी भी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल- सीआरपीएफ के जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान नहीं गंवाई है। श्री मोदी ने कहा कि यह देश की सही नीतियों और मजबूत संकल्प की जीत है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए सुरक्षाकर्मियों ने अनगिनत बलिदान दिए हैं। उन्होंने सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, भारतीय रिजर्व बटालियन, राज्य पुलिस बलों, बस्तर में तैनात महिला कमांडो सहित विशेष बलों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री मोदी ने कहा कि सेवा-भाव से प्रेरित होकर सरकार नक्सल ग्रस्त क्षेत्रों में लोगों की जिंदगी में बदलाव लाई है। इन प्रयासों के कारण नक्सलवाद से पीड़ित लोगों ने सरकार और सुरक्षाबलों को समर्थन दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है जिससे शांति और सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा देश विकास की नई ऊंचाईयों को छूता है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने गरीबी के खिलाफ लडाई में भी काफी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पचास करोड लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री ने बस्तर के करणपुर में सीआपीएफ कैंप का भी दौरा किया।
वही रोशनी का त्योहार दिवाली विश्व भर में मनाया जा रहा है। वैश्विक नेताओं, सरकारों और राजनयिक मिशनों की ओर से शुभकामनाएं भेजी जा रही है। भारतीय राजनयिक मिशनों ने विश्व भर में इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक सभाओं का आयोजन किया।
अमरीका में, न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने आज राज्य में दिवाली घोषित की। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भारतीय-अमरीकी समुदाय के योगदान को स्वीकार करते हुए इसका स्वागत किया।