गुजरात सरकार ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में विदेशी निवेशकों और उद्योगपतियों को आमंत्रित करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी सिलसिले में गुजरात सरकार के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दुबई का दौरा किया। वहां प्रतिनिधिमंडल ने तेल और गैस, परिवहन, बैंकिंग, उद्योग और रियल एस्टेट क्षेत्र के प्रमुख कारोबारियों के साथ बैठकें कीं। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय कारोबारियों और प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की।
इस दौरान गुजरात में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। दुबई से पहले प्रतिनिधिमंडल ने कतर और ओमान का भी दौरा किया। इस दल का नेतृत्व गुजरात सरकार के श्रम, कौशल विकास और रोजगार विभाग के सचिव लोचन सेहरा ने किया। श्री सेहरा ने बताया कि तीनों देशों में निवेश को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।
खासतौर पर तेल और गैस क्षेत्र में निवेश को लेकर काफी रुचि दिखाई गई। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का 11वां संस्करण अगले वर्ष 10 से 12 जनवरी तक गांधीनगर के महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। इस सम्मेलन की शुरुआत वर्ष 2003 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए की थी। इसका उद्देश्य गुजरात में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना था। आज यह सम्मेलन निवेश, व्यापार और उद्योग जगत के लोगों को जोड़ने का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है।