गुजरात के गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने से फंसे 15 श्रमिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। राज्य सरकार ने कहा कि देर रात युद्ध स्तर पर चलाए गए बचाव अभियान के बाद इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई है।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने घटनास्थल और गांधीनगर सिविल अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 15 श्रमिक मलबे में फंस गए थे। इनमें से तीन को सुरक्षित पाए जाने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी 12 का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और क्रेन तथा अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला।