अक्टूबर 21, 2026 10:06 अपराह्न

printer

मिजोरम और नागालैंड में मनाया गया पुलिस स्मृति दिवस

मिजोरम में आज देश के अन्य हिस्सों के साथ पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर, 1959 से मनाया जा रहा है।

इसी दिन लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए चीनी सेना के घात लगाकर किए गए हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल – सीआरपीएफ के दस जवान शहीद हो गए थे।

आइजोल में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने प्रथम बटालियन मिजोरम सशस्त्र पुलिस (एमएपी) मुख्यालय में आयोजित मुख्य पुष्पांजलि समारोह में हिस्‍सा लिया।

वहीं, नागालैंड पुलिस ने भी आज कोहिमा स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस स्मृति दिवस मनाया और ड्यूटी करते हुए अपनी जान गंवाने वाले कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नागालैंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक – एडीजीपी रेंचामो पी. किकोन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस बलों के साथ  शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए श्री किकोन ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनका बलिदान नागालैंड पुलिस के इतिहास में अमर रहेगा। उन्होंने सेवारत पुलिसकर्मियों से सत्यनिष्ठा और समर्पण बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने अपराध की रोकथाम, जनशांति बनाए रखने और नागालैंड के लोगों की संवेदनशीलता के साथ सेवा करने के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।