अक्टूबर 27, 2026 2:17 अपराह्न

printer

पीएम मोदी और लिकटेंस्टाइन प्रिंस एलोइस ने हैदराबाद हाउस में मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष युवराज एलोइस ने आज नई दिल्ली में हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार विमर्श किया।
 
इससे पहले युवराज एलोइस का आज सुबह राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उनका स्वागत किया। मीडिया बयान में युवराज एलोइस ने कहा कि उनकी यह यात्रा भारत के साथ संबंधों के महत्व को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते का पूरा होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह समझौता एक साल पहले लागू हो चुका है। युवराज एलोइस ने उन्हें आमंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। 
 
युवराज एलोइस और उनकी पत्नी राजकूमारी सोफी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
 
युवराज एलोइस आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आज भोज का आयोजन करेंगी। 
 
लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष कल वडोदरा से नई दिल्ली पहुंचे थे। युवराज के साथ उनकी पत्नी राजकुमारी सोफी, वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख उद्योगपतियों का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
 
इस साल युवराज एलोइस की यह भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वे फरवरी में भी एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने नई दिल्ली आए थे। वे 2010 और 2018 में भी भारत की यात्रा कर चुके हैं।
 
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से भारत और लिकटेंस्टाइन के बीच बढ़ते सहयोग को और गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से पिछले वर्ष भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ- ईएफटीए के बीच व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू होने के बाद दोनों पक्षों के संबंधों को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।