अक्टूबर 27, 2026 6:43 पूर्वाह्न

printer

इस्राएल में संसदीय चुनाव के लिए आज मतदान शुरू

इस्राएल में आज संसदीय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव  में 7 अक्टूबर 2023 को हमास के हमले, उसके बाद हुए युद्धों से निपटने के सरकार के तरीके के साथ-साथ उसके घरेलू और विदेश नीति प्रमुख मुद्दे हैं। इस चुनाव को नेतन्याहू के नेतृत्व की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइसेनकोट और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट सहित विपक्ष के कई नेता उनके दक्षिणपंथी गठबंधन को चुनौती दे रहे हैं।

इस्राएल में ‘आनुपातिक प्रतिनिधित्व’ प्रणाली लागू है, जिसमें पूरा देश एक ही चुनावी क्षेत्र माना जाता है। इस्राएली संसद-नेसेट में जगह पाने के लिए राजनीतिक दलों को कुल राष्ट्रीय मतों का कम से कम 3 दशमलव दो पांच प्रतिशत हासिल करना जरूरी है। दक्षिणपंथी ‘लिकुड’ पार्टी के नेता नेतन्याहू 1996 से अब तक तीन अलग-अलग कार्यकालों में कुल मिलाकर लगभग 19 वर्षों तक प्रधानमंत्री रह चुके हैं। अक्टूबर 2023 में हमास के हमले और उसके बाद हुए सैन्य अभियानों के कारण आए उथल-पुथल भरे दौर के बाद, वे अब फिर से सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रहे हैं।

मध्यमार्गी याशर पार्टी के नेता और इस्राएल की रक्षा सेना के पूर्व प्रमुख गादी आइज़ेनकोट, नेतन्याहू के प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों में शामिल हैं। वह नेतन्याहू की युद्ध कैबिनेट में पर्यवेक्षक के रूप में शामिल थे, लेकिन युद्ध की स्पष्ट रणनीति नहीं होने का आरोप लगाते हुए जून 2024 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।

अन्य प्रमुख राजनीतिक दलों और नेताओं में यायर गोलान की वामपंथी रुझान वाली डेमोक्रेट्स पार्टी, एविगडोर लिबरमैन की यिस्राएल बेतेनु पार्टी और अरब नेतृत्व वाले दल राम तथा जॉइंट लिस्ट शामिल हैं।