अक्टूबर 27, 2026 7:01 पूर्वाह्न

printer

पीएम मोदी और लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस आज द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष, प्रिंस एलोइस आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बैठक में व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध प्रगाढ़ बनाने सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी बात करेंगे।

प्रिंस एलोइस का आज सुबह राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। वे आज शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति उनके सम्मान में आधिकारिक भोज  आयोजित करेंगी। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी प्रिंस एलोइस से मिलेंगे।

लिकटेंस्टाइन के युवराज कल वडोदरा से नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। उनके साथ उनकी पत्नी प्रिंसेस सोफी, उच्चस्तरीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल तथा प्रमुख उद्योगपतियों का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

प्रिंस एलोइस इस वर्ष दूसरी बार भारत आए हैं। इससे पहले इस वर्ष फरवरी में एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने वे नई दिल्ली आए थे। इससे पहले उन्होंने 2010 और 2018 में भारत की यात्रा की थी।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि लिकटेंस्टाइन के कार्यवाहक राष्ट्राध्यक्ष, प्रिंस एलोइस की इस यात्रा से भारत और लिकटेंस्टाइन के बीच बढ़ते सहयोग को और गति मिलने की उम्मीद है, विशेष रूप से पिछले वर्ष भारत-यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के क्रियान्वयन के बाद इसमें और अधिक तेज़ी आएगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा से भारत और लिकटेंस्टाइन के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और प्रगाढ़ होंगे तथा आपसी हित के नए क्षेत्रों में साझेदारियां विकसित करने का अवसर मिलेग।