आकाशवाणी आज सरदार वल्लभभाई पटेल व्याख्यानमाला की 67वीं कड़ी का आयोजन करेगा। कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस पर व्याख्यान देंगे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बताया कि इस व्याख्यान की रिकॉर्डिंग सरदार पटेल जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को रात 9:30 बजे आकाशवाणी के सभी केंद्रों से प्रसारित की जाएगी।
आकाशवाणी वर्ष 1955 से भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री तथा सूचना और प्रसारण मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में इस वार्षिक व्याख्यानमाला का आयोजन कर रहा है। मंत्रालय के अनुसार, यह व्याख्यानमाला विभिन्न विषयों पर विचारों और दृष्टिकोणों का एक महत्वपूर्ण संग्रह है। इसके माध्यम से देश की विविध संस्कृति और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है।