अक्टूबर 28, 2026 6:55 पूर्वाह्न

printer

चक्रवाती तूफान अर्नब के टकराने से आंध्र प्रदेश में 161 स्थानों पर तेज बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब आज तड़के आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों में काकीनाडा के पास पहुंच गया है। तूफान की तेज गति के कारण यह अनुमानित समय से पहले ही तट से टकरा गया। तूफान ने 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट पर प्रवेश किया। 
 
आंध्र प्रदेश में 161 स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की जा चुकी है। तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ने से बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यनम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 216 के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्‍त हुए हैं। राज्‍य सरकार ने 84 हजार तीन सौ 96 लोगों को 290 राहत शिविरों में पहुंचाया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि राज्य भर में कुल दो हजार एक सौ 99 आश्रय स्थल बनाये गए हैं।
 
ओडिशा के दक्षिणी क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य ने 30 में से 16 जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं और हजारों आश्रय स्थल तैयार रखे हैं।भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल तथा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय आपदा राहत बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
 
नागर विमानन मंत्रालय ने एक आपातकालीन समीक्षा बैठक की। विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों पर कम से कम 21 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि भुवनेश्वर, हैदराबाद और पड़ोसी राज्यों के कुछ हिस्सों में भी उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। भारतीय रेलवे ने तटीय क्षेत्र से गुजरने वाली कम से कम 50 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
 
सरकार ने प्रभावित तटीय क्षेत्रों के सभी नागरिकों से तूफान के पूरी तरह गुजर जाने तक घर के अंदर रहने और अपनी यात्राओं को स्थगित करने का आग्रह किया है।