अक्टूबर 27, 2026 8:50 पूर्वाह्न

printer

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब अत्यधिक गंभीर तूफान में बदला; मछुआरों से अगले दो दिनों तक बंगाल की खाड़ी न जाने की सलाह

पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है। अभी इसकी स्थिति आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम से 300 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, ओडिशा में गोपालपुर से 380 किलोमीटर दक्षिण और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में श्री विजय पुरम से 920 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में बनी हुई है। विभाग के अनुसार कल सुबह तक यह तूफान आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करेगा। इस दौरान 115-125 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और इनके 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। मछुआरों से अगले दो दिनों तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर-पश्चिम तथा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के क्षेत्रों में न जाने को कहा गया है।

विभाग ने अगले दो दिनों के लिए तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में आज मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। विभाग ने आज छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इसके अलावा, आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और विदर्भ में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।