नवम्बर 29, 2026 7:20 पूर्वाह्न

printer

आज नई दिल्ली में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। डॉ. भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के सदिया में हुआ था। असम के सांस्कृतिक इतिहास में उनका विशेष स्थान है। उन्हें स्नेहपूर्वक ‘सुधाकंठ’ और ‘ब्रह्मपुत्र के कवि’ के नाम से भी याद किया जाता है। डॉ. हजारिका महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्म निर्माता और लेखक थे।

उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से आम लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और जीवन के संघर्षों को आवाज दी। असम और पूर्वोत्तर भारत की लोक परंपराओं से जुड़ा उनका संगीत भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार करते हुए देश-विदेश के श्रोताओं तक पहुंचा और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाई। कला के क्षेत्र में योगदान के साथ-साथ डॉ. हजारिका एक मानवतावादी और सामाजिक चिंतक भी थे।

भारतीय संगीत, सिनेमा और संस्कृति में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी समारोहों का शुभारंभ पिछले वर्ष हुआ था। इन समारोहों के माध्यम से संगीत, साहित्य, सिनेमा और समाज के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद करने और नई पीढ़ी तक उनकी विरासत पहुंचाने का अवसर मिला है।