राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय दौरे पर कल मिजोरम की राजधानी आइजोल पहुंचीं। लेंगपुई हवाई अड्डे पर राज्यपाल विजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री लालदुहोमा, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री वनलालथलाना, मुख्य सचिव खिल्ली राम मीणा और पुलिस महानिदेशक शरद अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति आज केलसिह स्थित जनजातीय अनुसंधान संस्थान में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का दौरा करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति फालकॉन जोखुआ गावं जाएंगी, जहां वे पौधारोपण करेंगी और बाद में लोक भवन लौट आएंगी।
कल राष्ट्रपति मुर्मु मिजोरम विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह और विश्वविद्यालय के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति मिजोरम विश्वविद्यालय के रजत जयंती पार्क का उद्घाटन करने के साथ ही एक स्मारिका का भी विमोचन करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति नागालैंड के लिए रवाना होंगी, जहां वे किसामा में आयोजित होने वाले 27वें हॉर्नबिल महोत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी।