मौसम विभाग ने कल पूर्वोत्तर क्षेत्र के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले इलाकों और कर्नाटक में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों में बिहार, केरल, माहे, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, पुदुच्चेरी, कराईक्कल और तेलंगाना में भी तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर राज्यों के शेष हिस्सों, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले क्षेत्रों में बढ़ चुका है।
विभाग ने कल आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बिजली और तेज हवाओं के साथ आंधी की आशंका व्यक्त की है।
दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कल लू चलने का अनुमान है। अगले दो दिनों में ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।