जून 20, 2026 8:53 अपराह्न

printer

बागपत में चौधरी चरण सिंह राष्‍ट्रीय पशु स्‍वास्‍थ्‍य संस्‍थान में केंद्रीय औषध प्रयोगशाला के कार्य विस्‍तार की अधिसूचना जारी

सरकार ने उत्तर प्रदेश के बागपत में चौधरी चरण सिंह राष्‍ट्रीय पशु स्‍वास्‍थ्‍य संस्‍थान में केंद्रीय औषध प्रयोगशाला के कार्य के विस्‍तार की अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना से संस्‍थान में 42 तरह के टीकों का परीक्षण किया जा सकेगा। इससे पहले यहां केवल दो वैक्‍सीन का ही परीक्षण किया जा रहा था।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि यह अधिसूचना देश में वैक्‍सीन और जीव-वैज्ञानिक परीक्षण क्षमता बढाने के सरकार के वर्तमान प्रयासों के अनुरूप है। इससे पशुओं के टीकों की गुणवत्‍ता, सुरक्षा और प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए नियामक ढांचे को और मजबूती मिलेगी।

पशुओं की वैक्‍सीन के मामलें में भारत विश्‍व का अग्रणी देश है। चौधरी चरण सिंह राष्‍ट्रीय पशु स्‍वास्‍थ्‍य संस्‍थान में परीक्षण सुविधाओं के विस्‍तार से पशुओं की वैक्‍सीन के क्षेत्र में वृद्धि को समर्थन मिलेगा, उत्‍कृष्‍ट वैक्‍सीन की समय पर उपलब्‍धता को प्रोत्‍साहन मिलेगा और देश भर में पशु स्‍वास्‍थ्‍य तथा पशुधन उत्‍पादकता के सुरक्षा उपायों में योगदान होगा।