सितम्बर 28, 2026 9:07 अपराह्न

printer

दक्षिण तटीय रेलवे के मछलीपट्टनम और कुरनूल सिटी के बीच नई रेलगाड़ी को मंजूरी

भारतीय रेलवे ने दक्षिण तटीय रेलवे के मछलीपट्टनम और कुरनूल सिटी के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली एक नई रेलगाड़ी को मंजूरी दे दी है। इससे आंध्र प्रदेश के तटीय और मध्य भागों के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। रेल मंत्रालय ने बताया कि स्वीकृत मछलीपट्टनम-कुरनूल सिटी एक्सप्रेस लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह रेल सेवा आंध्र प्रदेश के यात्रियों को यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगी और मछलीपट्टनम, विजयवाड़ा और कुरनूल सिटी के बीच संपर्क को मजबूत करेगी।

यह रेलगाड़ी मछलीपट्टनम से शाम 4 बजकर 55 मिनट पर प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर कुरनूल सिटी पहुंचेगी। वापसी में, कुरनूल सिटी-मछलीपट्टनम एक्सप्रेस कुरनूल सिटी से सुबह साढ़े नौ बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 9 बजकर 35 मिनट पर मछलीपट्टनम पहुंचेगी।

मछलीपट्टनम-कुरनूल सिटी एक्सप्रेस सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि कुरनूल सिटी-मछलीपट्टनम एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और रविवार को चलेगी। नई रेलगाड़ी का ठहराव विजयवाड़ा, गुडीवाड़ा, नरसरावपेट, विनुकोंडा, डोनाकोंडा, मार्कपुर रोड, कंबुम, गिद्दलुर, दिगुवामेट्टा, नंद्याल, बेतमचेरला और धोने में होगा।