केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विभिन्न राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर श्री गडकरी ने संपर्क और यात्रियों की सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए सतत् और सक्षम राजमार्ग सुनिश्चित करने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकी अपनाने और समय पर कार्यान्वयन किए जाने पर बल दिया। श्री गडकरी ने सड़क सुरक्षा और इसकी सुदृढता के लिए मजबूत कार्रवाई प्रणाली और रक्षात्मक उपाय के साथ मॉनसून पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रत्येक चरण पर स्पष्ट जवाबदेही के साथ परिणामोन्मुख कार्यान्वयन का आह्वान किया, ताकि राजमार्ग परिसम्पत्तियों के दीर्घकालिक प्रदर्शन को सुनिश्चित किया जा सके।
श्री गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए मिली प्रतिक्रिया पर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव प्रगति की भी समीक्षा की। इस बैठक में सडक परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा और हर्ष मल्होत्रा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भागीदारी की।